जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर सिटी पुलिस ने ब्लाइड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हिमाचली देवी निवासी कपाही, मंडी, हिमाचल प्रदेश और गदाईपुर के रहने वाले सनोज कुमार पुत्र सुरेश के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने हत्या और हत्या के बाद लाश को खुर्दबुर्द करने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जालंधर सिटी पुलिस के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संदीप शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान विनोद कुमार उर्फ नकुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई थी। जांच में मुख्य आरोपी महिला पाई गई। जिसने अपने जानकार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला ने विनोद को शराब में जहर मिलाकर दिया था। जिसके पीने के बाद विनोद की मौत हो गई। इतने घटनाक्रम तक महिला का मित्र सनोज उसके साथ नहीं था। क्राइम सीन वाले घर में सनोज किराये पर रहता था। जिसके बाद महिला आरोपी ने सनोज को हत्या के बारे में जानकारी दी। सनोज ने लाश को ठिकाने लगाने में महिला का साथ दिया। जेसीपी ने कहा कि, ये वारदात उन्होंने बीते शुक्रवार को दी थी। आरोपी महिला सनोज के साथ अवैध संबंधों में थी या नहीं, इस पर अभी जांच जारी है।
आरोपी महिला ने माना कि वह मृतक के साथ लिव-इन में थी, मगर शादी नहीं हुई थी। कुछ दिनों बाद जब वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी तो वह सबको यही बताता था कि हिमाचली देवी मेरी पत्नी है। इसी से गुस्से होकर उसने हत्या कर दी। जालंधर में गदाईपुर के पास एक घर से बेड में बने बक्से से व्यक्ति की लाश मिली थी। लाश को पुलिस ने तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। साथ ही मौके से हिमाचली देवी को हिरासत में लिया गया था। वारदात के बारे में मंगलवार को दोपहर के वक्त पता चला था। आसपास के लोगों को घर के अंदर से बदबू आ रही थी तो इलाका निवासियों ने तुरंत पुलिस को बुला लिया था।