चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) लोकसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आज पार्टी के सभी जिला प्रधानों के साथ बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में चुनाव नतीजों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही वह आगामी पांच विधानसभा उपचुनावों के लिए भी रणनीति बनाएंगे।
बैठक चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में सुबह 11:30 बजे तय की गई है। पार्टी की कोशिश है कि लोकसभा चुनाव से पार्टी को जो ऑक्सीजन मिली है, उसे बरकरार रखा जाए। इसे सीधे जनता से जोड़ा जाए, क्योंकि अब विधानसभा चुनाव में ढाई साल से भी कम समय बचा है। ऐसे में पार्टी कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं है।
इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने 13 में से सात सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को सिर्फ तीन सीटों से संतोष करना पड़ा। शिरोमणि अकाली दल ने एक और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। हालांकि, भाजपा चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
इस चुनाव में मिली सफलता कई मायनों में खास रही। क्योंकि पार्टी के दिग्गज नेता नवजोत सिंह सिद्धू अपनी पत्नी की बीमारी के कारण दूर रहे। पार्टी की राज्य में सरकार नहीं थी। हालांकि, पार्टी हाईकमान की पूरी दिलचस्पी पंजाब में थी।
प्रियंका और राहुल गांधी ने पंजाब के अमृतसर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना में रैलियां कीं थी। पार्टी ने हर जगह जीत हासिल की है। हालांकि, 2019 में राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। उस समय पार्टी ने 8 सीटें जीती थीं। जबकि अकाली दल भाजपा गठबंधन को चार और आप को एक सीट मिली थी।