जालंधर (द पंजाब प्लस) पंजाब के प्रसिद्ध पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने घटना का संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया है। जानकारी के अनुसार, पंजाब के कपूरथला की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने बजिंदर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। लड़की ने पादरी पर उसे अनुचित तरीके से छूने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला आयोग ने पीड़िता के लिए सुरक्षा और पादरी बजिंदर सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने ट्विटर पर लिखा: “अध्यक्ष विजया रहाटकर के निर्देश पर, राष्ट्रीय महिला आयोग ने जालंधर, पंजाब में कथित यौन उत्पीड़न के लिए पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ दर्ज शिकायत के संबंध में मीडिया रिपोर्टों पर स्वत: संज्ञान लिया है।” भारतीय महिला आयोग ने भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है, जिसमें उनकी गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा प्रदान करना शामिल है। एटीआर और एफआईआर की प्रति तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत की जानी है।
SIT का हुआ गठन-
आपको बता दें कि कपूरथला पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। बजिन्दर सिंह जालंधर के ताजपुर गांव में ‘द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ के नाम से ईसाई सत्संग का आयोजन करते हैं। उनके वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।