चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु और पूर्व विधायक संजय तलवाड़ के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला 27 फरवरी 2024 को निगम के जोन-ए कार्यालय में हुए हंगामे से जुड़ा है।
चार्जशीट आरोपियों की गैरमौजूदगी में दायर की गई है। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट जुगराज सिंह ने सभी आरोपियों को 17 मार्च के लिए नोटिस जारी कर कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया है।
इस केस में निगम जोन-ए कार्यालय के चौकीदार अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है। FIR में आईपीसी की धारा 186 (लोक सेवक के कार्य में बाधा) और 353 (लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल) के तहत आरोप लगाए गए है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक 27 फरवरी 2024 को सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, कांग्रेस नेताओं और वर्करों के साथ जोन-ए दफ्तर में विरोध प्रदर्शन किया था।
प्रोटेस्ट के दौरान कांग्रेस नेताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई थी। नेताओं ने दफ्तर के गेट पर ताला लगा दिया था। बाद में निगम कर्मियों ने अंदर से ताला तोड़ा था। पुलिस ने जब 6 मार्च 2024 को बिट्टू और अन्य आरोपियों को बिना पुलिस रिमांड मांगे अदालत में पेश किया तो अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।
लुधियाना नगर निगम में फैले कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने कड़ा विरोध जताया था। 27 फरवरी 2024 को (उस समय कांग्रेस में रहते) सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के मुख्य दफ्तर जोन-ए पर ताला जड़ा।