जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। यह दुर्घटना पठानकोट बाईपास पर स्थित कैपिटल अस्पताल के नजदीक हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में बैठे सभी लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में घायल हुए व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो जम्मू से छुट्टी बिताकर वापस चंडीगढ़ में अपनी ड्यूटी जॉइन करने जा रहा था। मनीष सीआरपीएफ में तैनात है और सुबह सफर करते समय यह हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिप्पर चालक केवल सिंह अपनी गाड़ी के खराब हो जाने के कारण उसे सड़क के किनारे खड़ा कर रिपेयर करवा रहा था। उसी दौरान तेज गति से आ रही एक वेगनार कार ने टिप्पर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार में तीन लोग सवार थे एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा। टक्कर के बाद तीनों को गंभीर चोटें आईं, जिनमें महिला की स्थिति सबसे नाजुक बताई जा रही है। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
हादसे में कार में मौजूद बच्चे को भी चोटें लगी हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी को हटाया और ट्रैफिक को सामान्य किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने फौरन घायल लोगों को गाड़ी से निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे नुकसान ज्यादा हुआ।

