श्री मुक्तसर साहिब (द पंजाब प्लस) मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार भारतीय जनता पार्टी की निम्नस्तरीय चालों को किसी भी हालत में कामयाब नहीं होने देगी, क्योंकि उनकी केंद्र सरकार ने पंजाब के 55 लाख गरीब लोगों का राशन बंद करने का फैसला किया है। यह महज एक फैसला नहीं, बल्कि पंजाब पर सीधा हमला है। ये शब्द कैबिनेट मंत्री डा. बलजीत कौर ने स्थानीय विधायक जगदीप सिंह काका बराड़ के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रैंस में कहे। कैबिनेट मंत्री डा. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब में कुल 1.53 करोड़ लोगों को राशन कार्ड के जरिए मुफ्त राशन मिलता है और केंद्र के इस मनमाने आदेश से 8 लाख से ज्यादा कार्ड कट जाएंगे, जिससे सितंबर महीने से 32 लाख ज़रूरतमंद पंजाबियों का राशन बंद हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में भी ई-केवाईसी के नाम पर 23 लाख लोगों का राशन रोका गया था। कैबिनेट मंत्री ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार किसी भी योग्य लाभार्थी का राशन कार्ड नहीं कटने देगी और केंद्र की इस चालाकी को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्नी भगवंत सिंह मान ने लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी करने के लिए केंद्र से 6 महीने का समय भी मांगा है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राशन की लड़ाई नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। इस मौके विधायक जगदीप सिंह काका बराड़, जगदेव सिंह बाम, जिला योजना समिति के चेयरमैन सुखिजंदर सिंह कौनी, कैबिनेट मंत्नी के निजी सहायक अर्शदीप सिंह सिद्धू और शिंदरपाल सिंह , युवा नेता सरबजीत सिंह हैप्पी भुल्लर सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

