लुधियाना (द पंजाब प्लस) पंजाब के लुधियाना में एक खुशी का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। दुल्हन गजल की विदाई के बाद उसके परिवार की इनोवा कार ट्रक में जा घुसी।
जिसमें दुल्हन के माता-पिता अशोक कुमार नंदा, किरण नंदा और चाची रेनू बाला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य परिजन मोहन कुमार नंदा और शर्मीली नंदा गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा तब हुआ जब आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए और तेज रफ्तार इनोवा सीधे पीछे टकरा गई।

स्टेलोन मनोर पैलेस में विवाह समारोह के बाद दुल्हन गजल की डोली जालंधर रवाना हुई थी।
परिवार इनोवा क्रिस्टा में सरहिंद लौट रहा था, तभी पिंड खाकट में जाइडि फैब्रिक लिमिटेड के पास हादसा हुआ।
ट्रक RJ20GB-3704 के अचानक ब्रेक लगाने से इनोवा कई मीटर घसीटती चली गई।
अशोक नंदा, किरण नंदा और रेनू बाला को अस्पताल ले जाते समय मृत घोषित किया गया। दो घायलों को अपोलो अस्पताल रेफर किया गया।
जैसे ही परिवार को घटना की खबर मिली, जालंधर जा रही डोली लाडोवाल के पास से ही तुरंत सरहिंद वापस लौट गई। शादी का घर मातम में बदल गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया, पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

