चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) पंजाब में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। बीते दिन तापमान में 0.4 डिग्री की हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक बना हुआ है। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक राज्य में हीटवेव, गर्म रातें और गरज-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। 1 मई को हीटवेव से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन 2 मई से फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज सात जिलों-पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली सहित नौ जिलों में हीटवेव रहने की संभावना जताई गई है।

