लुधियाना (द पंजाब प्लस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के 4 महीने बाद ही लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग की छत टूट गई। उसके पैनल भी निकल गए। इस बिल्डिंग पर 22.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। बिल्डिंग पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बनाई थी। विभाग इसके लिए आंधी को जिम्मेदार ठहरा रहा है।
इस मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी ने ठीक से निर्माण कार्य नहीं करवाया, जिसकी वजह से छत गिर गई। केंद्रीय मंत्री के आरोपों के बाद डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। DC हिमांशु जैन ने कहा कि सरकारी पैसे और यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि नुकसान के सटीक स्तर और इसके पीछे की तकनीकी खामियों का आकलन करने के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ADC जगराओं) को जांच सौंप दी है। इसके साथ ही डीसी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत रिपेयरिंग का काम शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

