जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के नेशनल आई अस्पताल के डॉक्टर पीयूष की पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी के सुसाइड केस में डॉक्टर पति का आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। इसमें वह अस्पताल की नर्स के साथ लिपलॉक करता नजर आ रहा है।
डॉ. मीनाक्षी के परिवार का कहना है कि डॉ. पीयूष के इस वीडियो को मीनाक्षी ने देख लिया था। उसने बेटी से माफी भी मांगी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पति ने डॉ. मीनाक्षी के नाम पर चोरी से ढाई करोड़ रुपए का लोन भी ले रखा था।
मीनाक्षी के पिता प्रमोद ने कहा कि बेटी ने जब लोन से नाम हटाने के लिए कहा तो पीयूष उसे अपने गहने लॉकर से निकालकर देने का दबाव बना रहा था। इसके बाद बेटी ने मुझसे फोन कर कहा था कि पापा मेरे साथ फ्रॉड कर ढाई करोड़ का लोन ले लिया है। मैं इससे तलाक लेना चाहती हूं।

पंजाब के ही जलालाबाद के रहने वाली मीनाक्षी की शादी जालंधर के डॉक्टर पीयूष के साथ अक्टूबर 2018 में हुई। शादी के 7 साल बाद भी दोनों के कोई बच्चा नहीं था। डॉ. मीनाक्षी एमएस थीं और कपूरथला के सरकारी अस्पातल में कार्यरत थीं।
बुधवार को डॉ. मीनाक्षी का शव उसके घर में बेडरूम में पड़ा हुआ मिला था। इस पर परिवार ने हत्या का शक जताया। इसे लेकर जालंधर के थाना डिविजन-6 में शिकायत की गई है।
मां ने कहा कि अभी तो सुसाइड की बात कही जा रही है, लेकिन हमें नहीं पता कि सुसाइड किया है या कत्ल किया है। अभी पोस्टमॉर्टम होगा, तभी पता चल पाएगा कि असली कारण क्या है? मेरी बेटी के नाम पर पीयूष ने लोन लिया था। कुछ लोन गाड़ी पर था तो कुछ अस्पताल के नाम पर था।
थाना डिविजन नंबर 6 से पहुंचे ASI ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि डॉ. मीनाक्षी अपने कमरे के अंदर गिरी है। जब वह मौके पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया। उनकी मौजूदगी में कमरे की खिड़कियों का कांच तोड़ अंदर घुसकर कुंडी खोली गई। अंदर डॉ. मीनाक्षी फर्श पर गिरी थीं। उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

