जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के अबादपुरा में एक युवक ने 18,000 रुपए की अपनी वाशिंग मशीन कबाड़ व्यापारी के पास मात्र 500 रुपए में गिरवी रख दी। एक-डेढ़ घंटे बाद जब परिवार पैसे लेकर मशीन वापस लेने पहुंचा तो दुकानदार वादे से मुकर गया और मशीन देने से इनकार कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है और उन्हें क्षेत्राधिकार के नाम पर एक थाने से दूसरे थाने भेजा जा रहा है।
पीड़ित अमरीक सिंह ने बताया कि उनके भाई को अचानक पैसों की जरूरत पड़ गई थी। इसी मजबूरी में उन्होंने 21 तारीख को घर की अच्छी-भली करीब 17-18 हजार रुपए की वाशिंग मशीन को सोनू नामक स्थानीय कबाड़ व्यापारी (टींड कबाड़िया) के पास मात्र 500 रुपए में गिरवी रख दिया।
अमरीक के अनुसार, जब उनके भाई ने यह बात अपनी मां को बताई तो उन्होंने तुरंत पैसे का इंतजाम कर दिया। इसके करीब एक से डेढ़ घंटे बाद जब परिवार दुकानदार सोनू को 500 रुपए लौटाकर अपनी मशीन वापस लेने पहुंचा, तो वह अपने वादे से मुकर गया। उसने साफ कहा कि उसके पास ऐसी कोई मशीन नहीं आई है।
पीड़ित परिवार के विरोध करने पर आरोपी कभी कहने लगा कि उसने मशीन आगे किसी को बेच दी है, तो कभी यह दावा किया कि वह टूट-फूट गई है। पीड़ित महिला के अनुसार, जब वह दोबारा अपनी मशीन लेने गईं तो आरोपी सोनू और उसकी पत्नी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी ने खुलेआम चुनौती दी कि “जाओ, जहां मर्जी, चाहे डीसी या एसपी के पास शिकायत कर दो, मैं मशीन वापस नहीं दूंगा।”
पीड़ितों का आरोप है कि घटना के तीन-चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। जब वे मॉडल टाउन थाने गए तो उन्हें भारगव कैंप थाना जाने 7को कह दिया गया। वहीं, जब वे अपने क्षेत्र के थाना अबादपुरा गए तो वहां भी उनकी ‘जीरो एफआईआर’ तक दर्ज नहीं की गई।

