जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत जालंधर में योग्य महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर होनी शुरू हो गई है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए जालंधर के विभिन्न केंद्रों पर नए फॉर्म भरने वाली महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और सुबह से ही लंबी लाइनें देखी जा रही हैं।
सरकार द्वारा जनरल कैटेगरी की महिलाओं को ₹3000 और अनुसूचित जाति कैटेगरी की महिलाओं को 4500 रुपए की एकमुश्त राशि (तीन महीने की आर्थिक मदद) सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है, जिससे महिलाओं में भारी उत्साह है।
जालंधर के सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली के कार्यालय में भी सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। फॉर्म जमा करने और योजना की जानकारी लेने के लिए महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
लाभार्थियों ने बताया कि इस नई स्कीम के तहत जनरल कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए (तीन महीने के ₹3000) और अनुसूचित जाति कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने1500 रुपए (तीन महीने के ₹4500) की दर से वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो गई है। महिलाओं के मुताबिक, इस राशि से उन्हें घर के रोजमर्रा के खर्चों को संभालने में बहुत बड़ी मदद मिलेगी।
महिलाओं ने सरकार की ‘मेरी रसोई योजना’ जैसी अन्य कल्याणकारी स्कीमों का भी जिक्र किया, जो सीधे तौर पर आम परिवारों को राहत पहुंचा रही हैं। इस मौके पर बातचीत करते हुए सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोली ने कहा कि इस योजना को लेकर महिलाओं के भीतर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।

