जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में स्पोर्ट्स बाइक पर स्नैचिंग करने वाले एक आरोपी को थाना डिविजन-8 पुलिस ने तरनतारन से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जब आरोपी को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान गिरकर उसकी टांग में चोट आई है।
युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। आरोपी की पहचान सूरज के रूप में हुई है। 29 जून को महिला की बालियां छीनने के बाद ये भाग गया था। पुलिस ने शिकायत के बाद इसकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने बताया कि 29 जून को डिवीजन नंबर-8 के क्षेत्र में स्नेचिंग की एक वारदात हुई थी, जिसमें एक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति एक महिला के कान की बालियां छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस संबंध में तुरंत कार्रवाई करते हुए डिवीजन नंबर 98 में मुकदमा नंबर 199 दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट से सुराग जुटाकर पीछा करते हुए 4 जुलाई को तरनतारन शहर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सूरज ने शहर में कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है, जिन्हें ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके बाद 5 जुलाई को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत में पेश करने के बाद जब पुलिस टीम उसे वापस थाने ले जा रही थी, तो उसने मौका देखकर भागने की कोशिश की। भागने के प्रयास के दौरान उसके पैर पर चोट लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

