नई दिल्ली (द पंजाब प्लस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 लाख कर्मियों की भर्ती के लिए अभियान ‘रोजगार मेला’ के तहत सोमवार को 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि युवा देश की सेवा कर रहे हैं। नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस बार रोजगार मेले का यह आयोजन एक ऐसे माहौल में हो रहा है, जब देश गर्व और आत्मविश्वास से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा चंद्रयान और उसका रोवर प्रज्ञान लगातार चंद्रमा से ऐतिहासिक तस्वीरें भेज रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उनकी सरकार के प्रयासों से परिवर्तन का एक और नया दौर दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भारत ने रिकार्ड निर्यात किया जो कि इस बात का संकेत है कि दुनियाभर के बाजारों में भारतीय सामान की मांग लगातार बढ़ रही है। ‘रोजगार मेला’ देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। इस रोजगार मेले में केंद्रीय गृह मंत्रालय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), असम राइफल्स, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के साथ-साथ दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्ती कर रहा है।