नई दिल्ली (द पंजाब प्लस) यू.एस.ए. भागने की फिराक में दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे गैंगस्टर दलबीर सिंह को एयरपोर्ट की सिक्योरिटी ने काबू कर लिया। दलबीर सिंह अपने असली पासपोर्ट पर देश छोड़ने की फिराक में था लेकिन कमिश्नरेट पुलिस द्वारा दलबीर सिंह की एल.ओ.सी. जारी करने के कारण वह देश छोड़ कर भागने में असफल रहा। देर शाम दिल्ली से दलबीर सिंह को जालंधर ले आया गया था। हत्या की कोशिश केस में नामजद दलबीर सिंह इस समय जमानत पर चल रहा था। उसने दुबई के रास्ते यू.एस.ए. जाने के लिए डौंकी लगानी थी।
सूत्रों की मानें तो जैसे ही वह एयरपोर्ट पर पहुंचा तो उसका पासपोर्ट चैक करते ही एयरपोर्ट सिक्योरिटी को बुलाया गया और एल.ओ.सी. जारी होने के चलते दलबीर सिंह को काबू कर लिया गया। जैसे ही एयरपोर्ट सिक्योरिटी ने जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को सूचित किया तो पता लगा कि दलबीर सिंह के खिलाफ धारा 307 समेत अन्य अलग-अलग धाराओं अधीन केस दर्ज हैं जो इस समय जमानत पर रिहा है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस दलबीर सिंह को लेने दिल्ली पहुंच गई और उसे हिरासत में लाकर जालंधर लौट आई। पुलिस अब दलबीर सिंह को रिमांड पर लेगी।