जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के गदईपुर में एक दंपती ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव देखने में 3 दिन पुराने लग रहे हैं। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंच गई थी। मृतकों की पहचान प्रेम पुत्र भीम बहादुर निवासी नेपाल और उसकी पत्नी भावना के रूप में हुई है। दोनों गदईपुर में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। घटना के बारे में सोमवार सुबह पता चला। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार को दोनों के कमरे से बदबू आने लगी थी। आसपास के लोगों ने भी उन्हें 3 दिन से नहीं देखा था। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी गई।
थाना-8 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो दोनों के शव बरामद हुए। दोनों के शव काले पड़ चुके थे और बदबू आ रही थी। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भेज दिया है। वहीं फिलहाल मौके पर पुलिस जांच कर रही है। क्राइम सीन से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बता दें कि चर्चा है कि पति पत्नी के बीच सुसाइड करने से पहले लड़ाई हुई थी। जिसके बाद पहले पत्नी ने आत्महत्या की। फिर उसके बाद पति ने सुसाइड कर लिया था। पुलिस ने सुसाइड की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों करीब 2 माह पहले ही नेपाल से जालंधर आए थे। प्रेम बतौर वेटर काम करता था।