चंडीगढ़/अमृतसर (TIME24) एक बार फिर पंजाब और हरियाणा के किसान एम.एस.पी. सहित अन्य मांगों के साथ दिल्ली की सीमा पर डट गए हैं। आज किसानों के ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन का आज दूसरा दिन है। किसान आंदोलन 2.0 के पक्ष में कई राजनीतिक दल भी आ रहे हैं। किसान आंदोलन को ध्यान में रखते हुए शिरोमणि अकाली दल ने ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ को स्थगित करने का बड़ा फैसला लिया है।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे किसानों और कृषि श्रमिकों के साथ एकजुटता दिखाते हुए पार्टी की चल रही “पंजाब बचाओ यात्रा” को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने किसानों और खेत मजदूरों के कल्याण के लिए अथक प्रयास किया है और हमेशा उनके साथ खड़ा रहा है। वर्तमान स्थिति पर विचार करने के लिए 15 फरवरी को दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ स्थित मुख्य कार्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की आपात बैठक बुलाई गई है।