पांच पूर्व सैनिकों को 50 हजार रुपये के चेक बांटे
जालंधर, 5 मार्च (दीपक पंडित) पंजाब के रक्षा सेवाए कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने स्थानीय जिला सैनिक भलाई दफ्तर में 5 पूर्व सैनिकों (गैर-पेंशनभोगियों) को 10-10 हजार की सहायता राशि के चेक वितरित करते हुए कहा कि पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए कई सैन्य-अनुकूल पहलकदमिया की है। इस मौके पर उनके साथ विधायक रमन अरोड़ा भी मौजूद रहे।
श्री भगत ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने शहीद जवानों के वारिसों के लिए एक्स- ग्रेशिया राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी है।सैनिकों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जिला सैनिक भलाई दफ्तर, जालंधर में एक फील्ड दफ्तर भी शुरू किया है, जहां पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को सरकार, विशेषकर रक्षा कल्याण विभाग से संबंधित मुद्दों पर सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण, सम्मान और खुशहाल जीवन को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है और इसमे कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।