होशियारपुर (द पंजाब प्लस) दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ विपश्यना के लिए पंजाब के होशियारपुर पहुंच गए हैं। वे महिलांवाली गांव के पास आनंदगढ़ में धम्म-धज विपश्यना योग केंद्र पहुंच गए हैं और 15 मार्च तक वहीं रहकर ध्यान साधना में लीन रहेंगे। लेकिन उनके सुरक्षा काफिले का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया है।
केजरीवाल के काफिले पर दिल्ली और पंजाब के भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रवेश वर्मा और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के अलावा पंजाब के विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और विधायक प्रगट सिंह जैसे नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाए हैं।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल विपश्यना के लिए पंजाब गए हैं। उनके काफिले में 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की कीमत की कारें, 50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और 100 से ज्यादा कमांडो हैं।
अरविंद केजरीवाल पंजाब का पैसा बर्बाद कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल का उद्देश्य विपश्यना का नहीं बल्कि पंजाब का सीएम बनने का है। ना विपश्यना होगी और ना ही सीएम बनने का सपना पूरा होगा। लुधियाना के लोग न ही संदीप अरोड़ा को जीतने देंगे और न ही केजरीवाल का सीएम बनने का सपना पूरा होगा।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा- जब यह पार्टी (AAP) अस्तित्व में आई थी, तो उन्होंने देश से वादा किया था कि वे वीआईपी कल्चर खत्म करेंगे। जब पंजाब में सरकार बनाने जा रहे थे, तब अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने कहा था कि जो सुरक्षा की मांग करता है, उसे राजनीति छोड़ देनी चाहिए।
लेकिन अफसोस की बात है कि कल अरविंद केजरीवाल के काफिले में 32 गाड़ियां थीं। यहां तक कि आज भी 80 पंजाब पुलिस कमांडो कपूरथला हाउस में केजरीवाल जी की सुरक्षा में तैनात हैं। भगवंत मान, जो न तो मानसिक रूप से स्थिर हैं और न ही शारीरिक रूप से, वास्तव में विपश्यना ध्यान के सबसे ज्यादा जरूरतमंद व्यक्ति हैं। AAP ने हर उस बात के उलट किया है, जो उन्होंने जनता से वादा किया था।”