- सतलुज नदी पर धुस्सी बांध के किनारों को मजबूत करने के निर्देश
- कहा, गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक धुस्सी बांध पर जल्द ही बनाई जाएगी पक्की सड़क , जल्द खुलेंगे टेंडर
जालंधर (दीपक पंडित) बरसात के मौसम को देखते हुए, राज्यसभा सदस्य और प्रसिद्ध पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने शुक्रवार को प्रशासकीय अधिकारियों और किसानों के साथ धुस्सी बांध का दौरा किया।
राज्यसभा सदस्य, जिनके साथ एस.डी.एम. आदमपुर विवेक कुमार मोदी, अतिरिक्त प्रभार अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) भी थे, ने जल निकासी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धुस्सी बांध के जो भी किनारे संवेदनशील हैं, उन्हें तुरंत मजबूत किया जाए, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर बांध को कोई नुक्सान न हो।
संत सीचेवाल ने अधिकारियों के साथ नदी के किनारे बसे गांवों जियानियां, गट्टा मुंडी कस्सू और अन्य गांवों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धुस्सी बांध पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान, राज्यसभा सदस्य ने कहा कि गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक धुस्सी बांध पर पक्की सड़क बनाने की वर्षों से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर खोले जा रहे है।
इस दौरान, संत सीचेवाल ने क्षेत्र के किसानों की समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है, जिसके तहत राज्य सरकार ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पहले से ही व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए है।
इस दौरान एस.डी.एम. शाहकोट शुभी आंगरा, ड्रेनेज विभाग के एक्सियन सरताज सिंह, तहसीलदार शाहकोट मनिंदर सिंह सिद्धू, बी.डी.पी.ओ. परविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी और किसान भी मौजूद थे।

