जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं, क्योंकि विजिलेंस ब्यूरो ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपों के मुताबिक, रमन अरोड़ा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी धन में गड़बड़ी की, कई वित्तीय अनियमितताएं कीं और अपने परिवार के नाम पर अवैध संपत्तियां खड़ी कीं।
विजिलेंस अधिकारियों का दावा है कि जांच के दौरान मिले अहम दस्तावेज और गवाहों के बयान चार्जशीट का हिस्सा बनाए गए हैं, जिससे केस और भी मजबूत हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, चार्जशीट में कई ऐसे तथ्य और सबूत शामिल हैं, जो भ्रष्टाचार की गहराई को दर्शाते हैं और आगे और खुलासों की संभावना को बढ़ाते हैं। अब इस मामले में अदालत में जल्द सुनवाई होने की संभावना है।

