चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायक अनमोल गगन मान ने शनिवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने X पर लिखा- ‘मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। स्पीकर से अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।’
अनमोल गगन मान मशहूर पंजाबी सिंगर हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में वह मोहाली की खरड़ विधानसभा सीट से AAP विधायक बनी थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्हें पर्यटन व संस्कृति मंत्री बनाया गया। हालांकि, 2024 में फेरबदल के बाद उनकी मंत्रिमंडल से छुट्टी हो गई थी। पिछले कुछ समय से वह राजनीतिक गतिविधियों से दूर थीं।


