द पंजाब प्लस/ साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा राम रहीम एक बार फिर पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। इस बार उन्हें 40 दिन की पैरोल मिली है। आपको बता दें कि मंगलवार सुबह 7 बजे राम रहीम को सुनारिया जेल (रोहतक) से बाहर लाया गया और दो गाड़ियों के काफिले के साथ सिरसा डेरे के लिए रवाना किया गया।
राम रहीम को लेने के लिए सिरसा से पहुंची टीम में हनीप्रीत, डेरा चेयरमैन दान सिंह, डॉ. आरके नैन और शरणदीप सिंह सिटू शामिल थे। बता दें कि कड़ी सुरक्षा के बीच राम रहीम को जेल से बाहर निकाल कर सिरसा ले जाया गया।
राम रहीम का जन्मदिन 15 अगस्त को होता है। जानकारी के अनुसार, डेरे में रक्षाबंधन के बाद जन्मदिन समारोह आयोजित किया जाएगा। इससे पहले भी राम रहीम अपने जन्मदिन या त्योहारों के आसपास पैरोल पर बाहर आता रहा है।

