जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के बिलगा में नौ दिन के अंदर 10 तोले सोना और 7 भैंसे चोरी होने के मामले में लोगों का गुस्सा फूट गया। लोगों ने विभिन्न संगठनों के साथ बिलगा थाने का घेराव किया और चोरों को पकड़ने के लिए 29 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया।
ग्रामीण मजदूर यूनियन पंजाब, नौजवान भारत सभा और किरती किसान यूनियन ने नकोदर (नूरमहल) इलाके में चोरी की घटनाओं को सुलझाने में पुलिस की कथित नाकामी को लेकर बिलगा पुलिस स्टेशन का घेराव किया और एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि एक साल पहले एक एनआरआई की अंगूठी और कंगन चोरी हुए थे। इसके अलावा, तीन महीने पहले एक घर से 10 तोले सोना और नकदी तथा दो दिन पहले दो किसानों के शेड से 7 पशु और सोना चोरी हो गया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस इन चोरों को अभी तक नहीं पकड़ पाई है।
संगठनों ने पुलिस को सौंपे गए मांग पत्र में 29 अप्रैल तक चोरों को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 29 अप्रैल तक चोरियां नहीं सुलझाई गईं, तो 30 अप्रैल को थाने के सामने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
थाना प्रभारी गुरशरण सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि चोरियों को जल्द से जल्द सुलझाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

