चंडीगढ़ (द पंजाब प्लस) पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने बड़ा फैसला लिया है। लोगों को गर्मी से राहत देने और विद्यार्थियों व कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। पंजाब में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है।
नए आदेशों के अनुसार अब सरकारी स्कूल और सरकारी दफ्तर सुबह 7:30 बजे खुलेंगे, जबकि दोपहर 1:30 बजे सभी सरकारी दफ्तर बंद कर दिए जाएंगे। सरकार का मानना है कि दोपहर के समय तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए यह फैसला जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम लोगों को राहत मिल सके।
सरकार की ओर से लोगों को भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।