जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के चर्चित राइट टू इन्फॉर्मेशन (RTI) एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के पास आज (30 मई) सुबह करीब 8 से 10 बजे के बीच हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े, इसके बाद फिर नहीं उठे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। DIG नवीन सिंगला ने कहा कि हमले की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान मौके पर शव के पास एक पिस्टल, फॉर्च्यूनर, दो मोबाइल पड़े मिले हैं। पुलिस अब हत्या के कारण और हमलावारों का पता लगा रही है। हालांकि बताया जा रहा है कि RTI एक्टिविस्ट को सुरक्षा के लिए गनमैन मिला हुआ था, जो मौके पर नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक, जालंधर के RTI कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह किसी काम से फगवाड़ा गए हुए थे। वह LPU के लॉ गेट के पास मौजूद थे। तभी अचानक वहां कुछ अज्ञात युवक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। उन युवकों ने सिमरनजीत सिंह को देखते ही उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
सिमरनजीत सिंह को गोली लगने के बाद के कुछ फोटो सामने आए हैं, जिनमें सिमरनजीत सिंह जमीन पर पड़े हैं। उनके बाएं हाथ के पास में दो मोबाइल पड़े हैं। वहीं, दाएं हाथ के पास एक पिस्टल पड़ी है। साथ ही एक ईयरपॉड पर भी पड़ा दिख रहा है। इन फोटो को देखकर ही आशंका जताई जा रही है कि सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी है।

फायरिंग की इस अचानक हुई घटना से यूनिवर्सिटी गेट के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता या सिमरनजीत सिंह को बचाने की कोशिश करता, हमलावर उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत हरकत में आए। सिमरनजीत सिंह को आननफानन एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

