लुधियाना (द पंजाब प्लस) लुधियाना से पूर्व सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ने की दावेदारी ठोक दी है। बिट्टू ने कहा कि मैंने अपनी अटैचियां पैक करके गाड़ियों में रख दी हैं। अब पूरे पंजाब में काम करेंगे। बिट्टू ने कहा- मैं 17 साल से दिल्ली में हूं लेकिन अब विधानसभा में आकर सीधे पंजाब की जनता की सेवा करना चाहता हूं।
बिट्टू के इस बयान को भाजपा की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जिसमें पंजाब में 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी ग्राउंड लेवल पर प्लानिंग कर रही है। बिट्टू कांग्रेस से 2 बार सांसद रह चुके हैं। पहली बार उन्होंने आनंदपुर साहिब और दूसरी बार लुधियाना से लोकसभा चुनाव जीता। हालांकि 2024 में वह लुधियाना से चुनाव हार गए।
रवनीत बिट्टू ने मीडिया से बातचीत में कहा- मैंने और पूरी सीनियर लीडरशिप ने अपनी अटैचियां पैक करके गाड़ियों में रख दी हैं और अब पूरे पंजाब में काम करेंगे।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में 17 साल लोकसभा व राज्यसभा में बिताए हैं और अब मेरी इच्छा पंजाब की धरती पर लौटकर राज्य की सेवा करने की है। मैं पंजाब में भाजपा की सरकार बनाकर राज्य की सेवा करना चाहता हूं। पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी है।
अपनी इच्छा के साथ ही बिट्टू ने यह साफ किया कि अंतिम फैसला पूरी तरह से हाईकमान का ही होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी हमारे लीडर हैं और पूरी टीम उनके पीछे काम करती है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी ने जो भी ऑर्डर किया है, हम उसी के हिसाब से काम कर रहे हैं।
राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद बिट्टू के इस बयान को बेहद अहम माना जा रहा है। चूंकि वे पहले लुधियाना से लोकसभा सांसद रह चुके हैं और इस क्षेत्र में उनका पुराना आधार है, इसलिए राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि वे लुधियाना की ही किसी सीट से विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी की इच्छा रख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वे पूरी तरह से पार्टी के अनुशासन और आदेश के मुताबिक ही आगे का कदम उठाएंगे।

