जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के सुची पिंड में तेल चोरी का वीडियो बनाने गए दो यूट्यूबर पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों को बेरहमी से पीटा और उनका मोबाइल फोन, प्रेस आईडी कार्ड तथा कैश छीन लिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है। एक यूट्यूबर अपने कैमरामैन आकाश के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुची पिंड के पास इंडियन ऑयल डिपो के पिछले हिस्से में जा रहे थे। वहां जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ लोग अवैध रूप से तेल चोरी करने (तेल काटने) का काम कर रहे थे।
जैसे ही पीड़ित यूट्यूबर और उनके कैमरामैन ने इस अवैध तेल चोरी का वीडियो बनाना शुरू किया, वैसे ही वहां 15 से 20 लोग इकट्ठा हो गए। इन लोगों ने आते ही दोनों को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने दोनों की बेरहमी से पिटाई की।
हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि यूट्यूबर के पास मौजूद जरूरी सामान भी लूट लिया। पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन, प्रेस आईडी कार्ड और जेब में रखे पैसे जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में दोनों पीड़ितों को इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। संतोषी नगर के रहने वाले इन लोगों ने बताया कि वे इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें इंसाफ दिया जाए और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और के साथ ऐसा न हो।

