जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक पर गुरुवार देर रात सूफी गायक ज्योति नूरां के पति का एक कार ड्राइवर से साइड को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि अभिषेक उस्मान और उसके दोस्तों की कार सड़क पर खड़ी थी।
इसी दौरान दूसरे कार ड्राइवर ने रास्ता रोकने का कारण पूछा, जिस पर दोनों के बीच पहले बहस और फिर मारपीट हो गई। इस दौरान एक का सिर फट गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर तेजधार हथियार दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरे पक्ष के कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल ने बताया कि वह वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे और उनकी कार का इंडिकेटर चालू था। तभी सामने से आई एक कार रुक गई, जिसमें सवार चार-पांच युवकों ने रास्ता रोकने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उन्होंने हथियारों से हमला कर दिया। सतिंदर ने अपने बेटे को बुलाया, तो आरोप है कि हमलावरों ने उस पर भी हमला किया। सतिंदर पाल ने आरोप लगाया कि ज्योति नूरां के पति और उनके साथियों ने तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे उसका सिर फट गया और बेटा भी घायल हो गया।
सतिंदर ने आरोप लगाया कि उसने हमले का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। घायल सतिंदर और उनके बेटे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। सतिंदर ने बताया कि उन्हें बाद में पता चला कि हमलावरों की कार सूफी गायक ज्योति नूरा के पति की थी। हालांकि वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। सतिंदर पाल ने अपने और बेटे के साथ हुई मारपीट की शिकायत थाना-1 की पुलिस को दे दी है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना एक के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से वेरका मिल्क प्लांट के पास दो पक्षों में लड़ाई की सूचना मिली थी। हमले में दोनों पक्षों के दो-दो युवक घायल हुए हैं। एसएचओ राकेश कुमार ने आगे कहा कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की आगे की जांच की जाएगी।

