जालंधर (दीपक पंडित) हिमाचल के कुल्लू में खाई में गाड़ी गिरने से जालंधर रामामंडी के 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान परमिंदर (45) और निधी (19) के रूप में हुई है। परिवार के 2 लोगों की मौत और 3 के घायल होने से इलाके में रातभर लोगों की पीड़ितों के घर भीड़ लगी रही।
पड़ोसियों ने बताया कि परमिंदर सिंह प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे और उनकी पत्नी घर में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। घायल बेटी पढ़ाई के साथ मां के काम ब्यूटी पार्लर में हाथ बंटाती थी। गुरुवार को परमिंदर परिवार के साथ हिमाचल घूमने के लिए कार में गए थे और कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में गाड़ी खाई में गिर गई।
घटना के बाद रेस्क्यू की वीडियो भी सामने आई है। कार 50 फीट नीचे पार्वती नदी के किनारे गिरी थी। घायलों को स्थानीय लोगों ने खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत करार दे दिया जबकि 3 का इलाज चल रहा है। कार में परिवार के 5 लोग सवार थे, इनमें एक 8 साल की बच्ची भी है।

