जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में श्री गुरु रविदास चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने रेहड़ी वाले को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रेहड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर रखा करीब 12 से 13 हजार रुपए का सामान सड़क पर गिरकर बर्बाद हो गया। हालांकि, घटना के बाद वहां मौजूद राहगीरों और एक ट्रक ड्राइवर ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए पीड़ित की मदद की और आर्थिक सहायता भी जुटाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ड्राइवर संभवतः नशे में था और एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी जल्दबाजी और लापरवाही में उसने सड़क किनारे जा रहे लखन की रेहड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लखन का दिनभर का सामान सड़क पर बिखर गया। टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित लखन ने बताया कि वह रोजाना मुश्किल से 300-400 रुपए कमा पाते हैं। इस हादसे में उन्हें करीब 12 से 13 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। रेहड़ी टूट जाने के कारण उनका रोजगार भी पूरी तरह ठप हो गया है।
उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कार ड्राइवर ने कुछ देर के लिए गाड़ी धीमी की, लेकिन नुकसान देखकर वह वाहन रोकने के बजाय तेजी से बस स्टैंड की ओर भाग गया। वहां मौजूद कुछ लोगों और एक ट्रक चालक ने अपनी गाड़ियों से कार का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश भी की। अंधेरा और तेज गति की वजह से कोई भी चश्मदीद वाहन का नंबर नोट नहीं कर सका। मामला देर रात सोमवार का है।

