जालंधर (दीपक पंडित) तलवन-फिल्लौर रोड पर हुए एक सड़क हादसे में कमलजीत सिंह की मौत के बाद उनके परिवार और विभिन्न संगठनों ने तलवन-फिल्लौर रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इंसाफ की मांग को लेकर धरना दिया प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की। इस दौरान, परिवार और संगठनों की ओर से 11 सदस्यों की एक कमेटी भी बनाई गई।

कमेटी ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक सहायता देने की मांग रखी। परिवार और संगठनों ने डिप्टी कमिश्नर जालंधर के नाम एक मांग पत्र डीएसपी फिल्लौर भरत मसीह को सौंपा। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बात कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।
डीएसपी फिल्लौर भरत मसीह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी और 18 जून तक कोई समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद देर रात प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, परिवार और संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 19 जून को फिल्लौर हाईवे जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की होगी।

