चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सबसे चर्चित विवादों में से एक ‘स्लैपगेट’ फिर सुर्खियों में है। हरभजन सिंह उर्फ भज्जी ने उस पुराने विवाद पर अफसोस जताते हुए इसे अपने जीवन के सबसे खराब फैसलों में से एक करार दिया है।
21 जून को एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुए पॉडकास्ट में हरभजन सिंह ने इस पूरे विवाद पर गहरा दुख व्यक्त किया। भज्जी का मानना है कि मैदान पर जो कुछ भी हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। अगर उन्हें अतीत की किसी एक गलती को सुधारने का मौका मिले, तो वह इसी घटना को चुनेंगे।
हरभजन ने कहा- वह केवल 5 सेकेंड का गुस्सा था। उस जरा से गुस्से ने इतनी सारी परेशानी, नेगेटिव एनर्जी और टकराव पैदा कर दिया। उस एक पल की वजह से मेरी इमेज बहुत खराब हुई। जब भी मैं उस बारे में सोचता हूं, मुझे लगता है कि वह एक बहुत ही बुरा फैसला था।
इससे पहले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी को खुलेआम बॉक्सिंग रिंग में मुकाबले की चुनौती दी। श्रीसंत हाल ही में जारी एक विज्ञापन से नाराज बताए जा रहे हैं, जिसे वह 2008 के चर्चित थप्पड़कांड से जोड़कर देख रहे हैं।
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में एस श्रीसंत का गुस्सा फूट पड़ा। 18 जून से वायरल हुए इस इंटरव्यू में उन्होंने हरभजन सिंह पर इस विवाद का इस्तेमाल कर लगातार फायदा उठाने और पैसे कमाने का आरोप लगाया। श्रीसंत ने एक पुराने प्रमोशनल पोस्टर का जिक्र किया, जिसमें दोनों बॉक्सिंग ग्लव्स पहने नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या इनमें हिम्मत है कि यही सीन दोहरा सकें?
उन्होंने कहा- क्या भज्जी में मेरे साथ रिंग में आने का दम है? यह एक्टिंग नहीं होगी। मैं अभी बेयर नकल फाइट लीग में हूं। भज्जी, मैं आपको चुनौती दे रहा हूं। अगर आपको उस थप्पड़कांड से इतनी ही दिक्कत है, तो आइए विज्ञापन छोड़ें और सचमुच रिंग में उतरें। मैं इंतजार कर रहा हूं।

