जालंधर (दीपक पंडित) बीते दिनों में किशनपुरा रोड पर स्थित BMS फैशन शोरूम में बाइक सवार 2 बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आज पुलिस ने आरोपी को काबू करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में टांग में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नवल उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है।
बता दें कि 12 जून को 2 बाइक सवारों ने शोरूम पर गोलियां चलाई थी। घटना के दौरान गोलियां दुकान के शीशों में लग और शीशा टूट गया। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था। इस घटना के बाद विदेशी नंबर से दुकान मालिक को फोन आया और फिरौती की मांग की गई थी। हालांकि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि पकड़े गए आरोपी की पहचान कुश निवासी घास मंडी, बस्ती शेख के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने काजी मंडी इलाका से गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुश विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल्ल के नेटवर्क से जुड़ा था।

