जालंधर (दीपक पंडित) पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित जिम पर हुई फायरिंग के ठीक 14 दिन बाद दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने पश्चिम विहार इलाके में मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई और अनिल पंडित गैंग के दो मुख्य शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों ओर से हुई फायरिंग में बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इनके पास से पाकिस्तान निर्मित हथियार और एक बाइक बरामद की गई है। इससे पहले भी पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर राजधानी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पश्चिम विहार इलाके में जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने और काबू करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने स्पेशल सेल पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार किए गए दोनों शूटरों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों कुख्यात अनिल पंडित और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इनके कब्जे से पाकिस्तान में बने हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

