जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में एक नौजवान पर शुक्रवार को कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। युवकों ने उसके सिर पर सीवरेज (चैंबर) का ढक्कन मारने की कोशिश की। नौजवान को बचाने के लिए जब उसका भाई और बहन आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर भी अटैक किया और युवती के कपड़े फाड़ दिए गए। सड़क पर करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा।
जानकारी के मुताबिक, नौजवान बाजार में दवाई लेने आया था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। हमला करने वाले आरोपी बस्ती गुजा इलाके के रहने वाले हैं। इस दौरान बीच सड़क पर काफी देर तक हंगामा और झड़प होती रही। भाई पर हमला होते देख बहन और दूसरा भाई बीच-बचाव करने के लिए दौड़े, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा।
पीड़ित युवती ने बताया कि हमलावरों के नाम काली, छांगा, नीरज नेपाली और दीवु हैं। यह लोग इलाके में नशे का अवैध कारोबार करते हैं। युवती का आरोप है कि जब वह अपने भाई को बचा रही थी, तो दीवु और काली ने साथ बदसलूकी की और उसके कपड़े फाड़ दिए। आरोपियों ने उन्हें बीच सड़क पर गोली मारने की धमकी भी दी।
इस पूरी घटना के बीच एक महिला भी सामने आई, जिसने चौंकाने वाला खुलासा किया। महिला ने बताया कि हमलावरों में शामिल छांगा उसका सगा दामाद है। उसकी बेटी ने छांगे के साथ प्रेम विवाह किया था। महिला का आरोप है कि छांगा आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। शादी के बाद से ही वह बेटी के साथ मारपीट और घरेलू हिंसा करता आ रहा है।
घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि सड़क पर करीब डेढ़ घंटे तक सरेआम गुंडागर्दी चलती रही, लेकिन पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने सफाई दी है कि उनके पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने शुरुआती जांच में नशे के एंगल या नशे के कारोबार की बात से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसके आधार पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का सिविल अस्पताल में इलाज जारी है।

