नई दिल्ली (द पंजाब प्लस) पंजाब के सरकारी स्कूलों में लेक्चरर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एजुकेशन रिक्रूटमेंट डायरेक्टोरेट पंजाब ने लेक्चरर कैडर के 1,013 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए संबंधित विषय में मास्टर डिग्री के साथ कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। इस भर्ती में सबसे अधिक पद हिस्ट्री विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं।
विभाग के नोटिफिकेशन के अनुसार, कुल 1,013 पदों में 829 नियमित (नई) और 184 बैकलॉग वैकेंसी शामिल हैं। भर्ती से संबंधित विषयवार पदों का विवरण, पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी भी नोटिफिकेशन में जारी कर दी गई है।
12 विषयों में होगी भर्ती
इस भर्ती के तहत 12 अलग-अलग विषयों में लेक्चररों की नियुक्ति की जाएगी। सबसे अधिक 210 पद हिस्ट्री विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा इंग्लिश के 141, पॉलिटिकल साइंस के 131, मैथ्स के 105, पंजाबी के 99, कॉमर्स के 98, फिजिक्स के 58, इकोनॉमिक्स के 50, केमिस्ट्री के 41, बायोलॉजी के 37, हिंदी के 29 और जियोग्राफी के 14 पदों पर भर्ती की जाएगी।
10वीं में पंजाबी भाषा पास होना अनिवार्य
आवेदकों के लिए शैक्षणिक योग्यता के तहत संबंधित विषय में मास्टर डिग्री के साथ न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक और किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीएड डिग्री अनिवार्य है। इसके अलावा यह शर्त भी रखी गई है कि उम्मीदवार ने मैट्रिक (10वीं) स्तर पर पंजाबी भाषा को अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के रूप में उत्तीर्ण किया हो। आवेदन करने वाले उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना भी आवश्यक है।
18 से 37 वर्ष की आयु के युवा कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणियों जैसे अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांग उम्मीदवारों और सरकारी कर्मचारियों को ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
दो चरणों में होगी परीक्षा, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
योग्य उम्मीदवारों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 300 अंकों की ऑफलाइन ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जो दो भागों में विभाजित होगी। इस परीक्षा में कोई नकारात्मक अंकन (नेगेटिव मार्किंग) नहीं होगा। मेरिट सूची में स्थान पाने के लिए उम्मीदवारों को दोनों सेक्शन में अलग-अलग न्यूनतम कट-ऑफ अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए बुलाया जाएगा।

प्रोबेशन पीरियड में मिलेगा फिक्स वेतन
भर्ती प्रक्रिया में अंतिम रूप से चयनित होने वाले लेक्चरर्स को शुरुआत के 3 साल के प्रोबेशन पीरियड के दौरान ₹34,500 से ₹35,400 प्रति माह का एक निश्चित मूल वेतन दिया जाएगा। इस शुरुआती अवधि में कोई भी सरकारी भत्ता जैसे डीए या एचआरए देय नहीं होगा। 3 साल का प्रोबेशन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उम्मीदवारों को नियमित वेतनमान के साथ सभी सरकारी भत्तों का लाभ मिलने लगेगा।

