जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब रोडवेज ने मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। विभाग ने पहली बार लुधियाना और जालंधर से जम्मू-कटरा के लिए एसी वॉल्वो बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। टाइमिंग से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण अब यह बस सेवा सोमवार से नियमित रूप से रोजाना संचालित होगी।

सरकारी किराए पर मिलने वाली इस लग्जरी सुविधा से यात्रियों को ट्रेनों की लंबी वेटिंग और निजी ऑपरेटरों के महंगे किराए से राहत मिलेगी। गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के सीजन में मां वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रेनों में लंबी वेटिंग और निजी वॉल्वो बसों के अधिक किराए के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पंजाब रोडवेज की इस नई पहल से यात्रियों को बेहद किफायती दरों पर सुरक्षित और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा। सरकारी किराए में लग्जरी सफर की शुरुआत होने से आम जनता की जेब पर बोझ कम होगा। पंजाब रोडवेज की यह सुपरफास्ट वॉल्वो बस लुधियाना से चलेगी, जिसके बाद जालंधर होते बस स्टैंड होते हुए जम्मू के लिए आगे बढ़ेगी।

