पटियाला (द पंजाब प्लस) घटना बनूड़-जीरकपुर रोड पर गांव बस्सी ईसेखान के सामने की है। गांव इसेखान का रहने वाला सरदूल रोड के किनारे जूस का स्टाल लगाता है। सरदूल ने बताया कि सुबह उसने अपनी दुकान खोली और फलों के छिलके गिराने के लिए झाड़ियों की तरफ गया तो नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। पहले तो डर गया। बाद में लकड़ी के डंडे से कपड़े को हटाया तो नवजात नजर आया।
कपड़ों में लिपटा नवजात रो रहा था। इसकी सूचना तुरंत पत्नी को दी और साथ ही नगर कौंसिल बनूड़ के पूर्व प्रधान भजनलाल नंदा को बताया। मौके पर पहुंची पत्नी ने नवजात बच्चे को गर्म कपड़े में लपेटा और अपने सीने से लगा लिया। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। कौंसिल के पूर्व प्रधान भजनलाल नंदा ने बताया कि सरदूल और उसकी पत्नी नवजात का पालन पोषण करने के लिए गोद लेना चाहते हैं।
सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इन्हें बच्चा दे दिया जाएगा। सिविल अस्पताल की एसएमओ डॉ. रवनीत कौर ने बताया कि करीब नवजता एक दिन का है और पूरी तरह स्वस्था है। पुलिस को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भी आसपास के क्षेत्र में जानकारी हासिल कर रही है।