जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में कांग्रेसी नेताओं द्वारा सुबह क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के बाहर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का पुतला जलाया गया। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिला प्रधान व सेंट्रल हलके से पूर्व विधायक रहे राजिंदर बेरी ने की। बेरी ने कहा कि जिले में आरटीओ का काम पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। जिससे जिले के लोगों को काफी परेशानियों का सामान करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक बेरी ने कहा कि पिछले काफी समय से लोग न तो अपनी आरसी बनवा पा रहे हैं और न ही आरटीओ से संबंधित अपना कोई भी काम पूरा करवा पा रहे हैं। जिले की पेंडेंसी 20 हजार से पार जा चुकी है। जिसके चलते ये प्रदर्शन कांग्रेस द्वारा किया गया है। वहीं, सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात की गई थी।
बेरी ने कहा कि आप सरकार ने लोगों से वादा किया था कि वह लोगों के घरों में जाकर काम करवाएंगे। मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ। बल्कि ऑफिस में होने वाला काम भी ठप हो गया। जालंधर इतना बड़ा जिला है, उसका सारा काम होशियारपुर के आरटीओ को सौंप दिया गया है। वह पहले अपने जिले का काम खत्म करें या फिर जालंधर।
बेरी ने कहा कि जल्द से जल्द जालंधर की पेंडेंसी खत्म की जाए, वरना हम इस प्रदर्शन को बड़े स्तर पर लेकर जाएंगे।
पिछले कई दिनों से क्षेत्री परिवहन विभाग में कामकाज ठप पड़ा हुआ है। शहर के सैकड़ों लोगों की फाइलें पास होने के लिए अटकी हुई हैं। जिससे लोग काफी परेशान हो रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेसी नेता बेरी के पास काफी शिकायतें आई थीं। जिसके चलते उन्होंने आज प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
मिली जानकारी के अनुसार, जालंधर डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी विशेष सारंगल ने आरटीओ आदित्य गुप्ता को नोटिस जारी किया है। गुप्ता ने 12 मार्च को ड्यूटी जॉइन करनी थी। मगर उन्होंने नहीं की, जिसके चलते विभाग ने कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।
बता दें कि गुप्ता पहले 20 फरवरी से लेकर 1 मार्च तक मेडिकल लीव पर थे, जिसके बाद गुप्ता ने 15 मार्च तक छुट्टी बढ़वा ली। जिसके बाद डीसी ने 12 मार्च तक ड्यूटी जॉइन करने के आदेश दिए थे।