बरनाला (द पंजाब प्लस) बरनाला में एक तेज रफ्तार स्कूल बस और ट्रक में हुई टक्कर में बस के चालक, हेल्पर समेत 14 स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल धनौला में भर्ती कराया गया है। बरनाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर धनौला के पास यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस गांव दानगढ के ग्रीन फील्ड कॉन्वेंट स्कूल दानगढ़ की है। यह घटना आज सुबह करीब आठ बजे हुई, जब बस अलग-अलग गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल लेकर जा रही थी।
बस चालक ने बताया कि वह ग्रीन फील्ड स्कूल दानगढ़ की बस चलाता है। आज सुबह जब वह बच्चों के साथ स्कूल जा रहा था तो सामने से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि बस में करीब 40 बच्चे थे, जिनमें से 14 बच्चे हादसे में घायल हो गए। इसके अलावा बस के चालक और हेल्पर भी घायल हो गए। सभी घायलों को सिविल अस्पताल धनौला में दाखिल कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बठिंडा-चंडीगढ़ रोड पर गांव भट्ठल के पास स्कूल बस और ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। उन्होंने बताया कि स्कूल बस की गति तेज होने के कारण बस कैंटर के पीछे से टकरा गई।
इस संबंध में सरकारी अस्पताल धनौला के डॉक्टर ने बताया कि आज सुबह करीब आठ बजे एक स्कूल बस का एक्सीडेंट हो गया था। जिसमें कई बच्चों और स्टाफ सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। करीब 4 बच्चों को गंभीर चोटें आने के कारण सरकारी अस्पताल बरनाला रेफर कर दिया गया है।