जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब में लोकसभा चुनाव में मिशन 13-0 फेल होने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की साख दांव पर लग चुकी है। लोकसभा की सिर्फ 3 सीटें जीतने के बाद AAP की छवि अब एक विधानसभा सीट ही उभार सकती है। यह सीट जालंधर वेस्ट विधानसभा की है। जालंधर के उक्त उप चुनाव को लेकर सीएम भगवंत सिंह मान ने तैयारियां कस ली है।
सूत्रों के अनुसार चुनाव होने तक सीएम भगवंत सिंह मान अब जालंधर कैंट के दीप नगर में किराए पर मकान लेकर रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी डॉक्टर गुरप्रीत कौर और बहन मनप्रीत कौर भी रहेंगी। दीप नगर में सीएम मान जल्द शिफ्ट हो जाएंगे। ये फैसला बीते दिन चंडीगढ़ में हुई मीटिंग के बाद लिया गया है।
यह उनका नया ठिकाना सिर्फ उपचुनाव तक एक महीने के लिए नहीं बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक रहेगा। मिली जानकारी के अनुसार सीएम मान हफ्ते में तीन दिन इसी घर में मौजूद रहेंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि इससे दोआबा और मांझा इलाके के नेताओं और लोगों के साथ वह नजदीकी संपर्क में रहेंगे।
सरकार आप के द्वार कार्यक्रम को भी इससे बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि लोकसभा उप चुनाव के दौरान सीएम मान और उनकी टीम होटलों में ही रुकी थी। मगर इस बार उप चुनाव के लिए सीएम मान ने जालंधर में किराए पर घर लेने का फैसला लिया है।