जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में भोगपुर के पास एक शुगर मिल के अंदर प्रशासन की ओर से सीएनजी प्लांट बनाया जाना है। अभी इसकी शुरुआत भी नहीं हुई है। लेकिन आज कांग्रेस पार्टी के आदमपुर विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने किसान नेताओं और इलाके के लोगों के साथ जालंधर के प्रशासनिक परिसर में धरना दिया।
जब वहां डीसी नहीं मिले तो विधायक नेताओं के साथ जालंधर में सीएम आवास पर पहुंच गए। हालांकि पुलिस ने कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। उन्होंने कहा- इलाके के लोग उक्त प्लांट को लेकर लंबे समय से धरना दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
आदमपुर विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने कहा- प्रशासन को भोगपुर शुगर के अंदर सीएनजी प्लांट लगाना है। इस बारे में जालंधर नगर निगम के कमिश्नर ने बयान दिया था कि पूरे शहर का कूड़ा भोगपुर में उक्त सीएनजी प्लांट में ले जाया जाएगा।
वहां से उसे रिसाइकिल कर उससे सीएनजी बनाई जाएगी। लेकिन इस प्लांट को लेकर सरकार या अधिकारी स्तर पर कोई समझौता सामने नहीं आया है। ऐसे में नगर निगम की ओर से लोगों को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है।आदमपुर विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने आगे कहा- प्रशासन निजी कंपनी से उक्त जगह पर कब्जा करवाना चाहता है, इसीलिए प्रशासन ऐसा कर रहा है। इसी को लेकर इलाके के लोग, किसान और सामाजिक संगठन आज जालंधर डीसी हिमांशु अग्रवाल से मिलने पहुंचे थे। लोग काफी समय से उक्त जगह पर धरना दे रहे थे।
लेकिन आज जब हम दफ्तर पहुंचे तो पता चला कि डीसी सीएम के आने के कारण व्यस्त हैं। यह काम अवैध रूप से चल रहा है। कोटली ने कहा- अगर प्रशासन उक्त काम को नहीं रुकवाता है तो हम खुद जाकर उक्त काम रुकवा देंगे।लेकिन अगर वहां कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए डीसी और शुगर मिल मालिक जिम्मेदार होंगे। कोटली ने कहा- हम अपना मांग पत्र डीसी को ही देंगे।

