जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अफसरों और कर्मचारियों ने कलम छोड़ो हड़ताल शुरू कर दी है। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट जालंधर के ऑफिस के बाहर आज कर्मचारियों द्वारा अपने ही उच्च अधिकारियों के खिलाफ धरना लगा दिया गया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
बता दें कि इसी साल जुलाई माह में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के क्लर्क सहित कई कर्मचारियों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए थे। जिसमें उक्त अधिकारियों पर पैसे लेकर महंगी जमीन को सस्ते में बेचने का आरोप लगाया गया था। इसे लेकर एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। कर्मचारियों ने कहा- उक्त एफआईआर गलत ढंग से की गई है। इसमें एक भी बार मुलाजिमों से उनका स्पष्टीकरण नहीं लिया गया।
जानकारी के अनुसार ये एफआईआर आम आदमी पार्टी के नेता और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जगतार सिंह संगेड़ा द्वारा करवाई गई थी है। केस में ईओ रहे राजेश सहित कई कर्मचारियों को नामजद किया गया था। अब कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि उक्त एफआईआर को रद्द की जाए, वरना वह कलम छोड़ो हड़ताल पर रहेंगे और काम नहीं करेंगे।
इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामान करना पड़ सकता है। एफआईआर के अनुसार केस में नामजद किए गए अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकार का नुकसान किया है। साथ ही मुलाजिमों का कहना है कि उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका तक नहीं दिया गया। ऐसे में सारे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। मुलाजिमों ने कहा कि अगर कोई घपला हुआ होगा तो वह खुद सजा के लिए तैयार हैं, मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ।