निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी और सख्ती के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित निगरानी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर शहर के विभिन्न पुलिस नाकों का निरीक्षण करते रहते हैं और इसी क्रम में उन्होंने स्वयं भी कई नाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि रात के समय शहरभर में लगभग 250 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न नाकों पर तैनात रहते हैं। इनका मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, अपराधों की रोकथाम करना तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखना है।

