जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब के जालंधर सिविल अस्पताल से 11 सितंबर को लापता हुए बच्चे के मामले में पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। ये मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है। अब कमिश्नरेट पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। थाना डिवीजन नंबर-4 के एसएचओ हरदेव सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने जांच कर रही है।
फिलहाल मामले में किसी की भूमिका सामने नहीं आई है, बच्चे की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि लापता का भी हो सकता है, क्योंकि बच्चा काफी छोटा है और रास्ता भटक सकता है। मगर पुलिस की जांच जारी है, जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार जालंधर के रंधावा मसंदा के रहने वाले राकेश पुत्र स्व. लाली द्वारा पुलिस दर्ज करवाने गए बयानों में कहा गया है कि वह बीती 11 सितंबर को अपने बच्चे अंशु के साथ सिविल अस्पताल आए थे। उनके बेटे की उम्र महज 5 साल है। बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं लापता हो गया। बच्ची के काफी देर तक सिविल अस्पताल और आसपास के बाजारों में तलाश की गई, मगर कुछ नहीं पता चला।
जब बच्चे का कुछ अता पता नहीं चला तो परिवार पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से मामले की जांच शुरू की और बच्चे को बाजारी एरिया में ढूंढ़ना शुरू किया। मगर कुछ हाथ नहीं लगा। जिसके बाद पुलिस ने मामले में पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज कर बीएनएस 137(2) (अपहरण) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बच्चे की तलाश करने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।