जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के अवतार नगर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बस्ती इलाके के मंगू बस्ती निवासी सफरान साहिल (अवतार नगर) के रूप में हुई है। मृतक ने एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। साहिल की मौत के बाद परिजनों ने देर रात सिविल अस्पताल में हंगामा किया।
जांच के लिए भार्गव कैंप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया गया। जांच के लिए देर रात सिविल अस्पताल पहुंचे भार्गव कैंप थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने कहा- फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक युवक की मां रूबी ने बताया कि मेरे बेटे का नाम शेख सफराना उर्फ साहिल था। करीब एक साल पहले साहिल ने खुद सजनी नाम की लड़की से शादी की थी। हमारा पूरा परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। हमें फोन आया कि साहिल की तबीयत खराब है। तब परिजनों ने कहा- उसे अस्पताल ले जाओ, लेकिन इस पर कहा गया कि आप आ जाओ, क्योंकि उसकी तबीयत बहुत खराब है।
जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि साहिल की मौत हो चुकी थी। परिवार ने कहा- साहिल हमारे साथ नहीं रहता था, वह अवतार नगर में अपनी पत्नी के साथ रहता था। जोकि हमारे घर से करीब डेढ़ किलीमीटर दूर है। डॉक्टरों ने कहा कि युवक के गले पर निशान था, जांच के बाद आगे कुछ पता चल पाएगा।
साफरान के पिता शेख ने बताया कि मकान मालिक ने बताया है कि शाम तक साहिल काफी खुश था। सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन देर रात जब वह किसी काम से घर में टहल रहा था तो उसे आत्महत्या के बारे में पता चला। जिसके बाद किसी तरह दरवाजा खोला गया और उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो चुकी थी। अब भार्गव कैंप थाने की पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।