जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के शाहकोट इलाके में ग्रामीण पुलिस की टीम और वांटेड गैंगस्टर के बीच फायरिंग हुई है। जिसमें गैंगस्टर सुखराज सिंह उर्फ सुखा पुलिस कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सुखा को काबू कर लिया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लंबे समय से सुखराज सिंह सुखा की तलाश थी, जो कई आपराधिक मामलों में वांछित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि सुखा शाहकोट क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर जालंधर ग्रामीण पुलिस की टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
जैसे ही पुलिस टीम ने सुखा को पकड़ने की कोशिश की, उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सुखा जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया और मौके से एक पिस्तौल बरामद किया, जिसका इस्तेमाल उसने फायरिंग में किया था।
पुलिस फायरिंग में घायल होने के बाद सुखा को तुरंत जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है और जल्द ही उसे पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया जाएगा।