अमृतसर (द पंजाब प्लस) आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस द्वारा गिरफ्तार अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के पिता सत्यजीत सिंह मजीठिया की चीफ खालसा दीवान (CKD) से सदस्यता समाप्त कर दी गई है। यह सिखों की सबसे पुरानी धार्मिक-सामाजिक संस्था मानी जाती है।
हालांकि यह कार्रवाई सिर्फ सत्यजीत सिंह मजीठिया के खिलाफ नहीं, बल्कि संस्था के कुल 65 सदस्यों पर की गई है। CKD के अनुसार, इन सभी सदस्यों ने लगातार 15 या उससे अधिक बैठकों में हिस्सा नहीं लिया था।
संस्था के अधिकारियों ने कहा कि लगातार गैर-हाजिर रहने वाले सदस्यों को हटाना जरूरी था, ताकि संगठन की सक्रियता और अनुशासन बनाए रखा जा सके।
खास बात है कि इंद्रबीर सिंह निज्जर जो आम आदमी पार्टी के विधायक हैं, इस संस्था के प्रधान हैं। 2022 के बाद से निज्जर ही इस संस्था के लगातार प्रधान चुने जा रहे हैं। ये संस्था हर 3 साल के बाद चुनाव करवाती है और वोटिंग के बाद पदाधिकारियों को चुना जाता है।
चीफ खालसा दीवान की स्थापना सिख शिक्षाओं के प्रचार और प्रसार के लिए साल 1906 में की गई थी। ये सिखों की सबसे पुरानी शिक्षण संस्था है। इसकी देशभर में 9 स्थानीय कमेटियां अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर-चंडीगढ़, कानपुर, तरनतारन, दिल्ली और मुंबई में हैं।

