अमृतसर (द पंजाब प्लस) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक ने शुक्रवार को अपने परिवार के सदस्यों पर गोलियां चलाई। घटना में बेटे की मौत हो गई और उनकी पत्नी व बहू घायल हो गई। इसके बाद आसपास में हड़कंप मच गया। घटना एक थाने के निकट हुई। पुलिस ने बताया कि मजीठा रोड स्थित एक चौकी पर मौजूद पुलिस दल ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान तरसेम सिंह के रूप में हुई और उसकी लाइसेंसी बंदूक छीन ली गई। सहायक पुलिस आयुक्त ऋषभ भोला ने बताया कि पूर्व अधिकारी ने दो शादियां की थीं और उसका अपनी पहली पत्नी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था। भोला ने बताया कि आरोपी ने अपनी पहली पत्नी, बेटे और बहू पर गोली चलाई।पुलिस ने बताया कि घायलों को निकटवर्ती गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहां गोली लगने से आरोपी के 40 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।